मेट्रो शहरों के फैब इंडिया के शोरूम में हुए सीसीटीवी कैमरे कांड के बाद की स्थिति का असर मंदिरों के शहर जम्मू में भी देखने को मिल रहा है। शहर और आस पास के इलाकों में स्थित छोटे बड़े शोरूम और माल में स्थित स्टोर के संचालक बहुत ही सचेत हो गये हैं।
शोरूम में आने वाले अपने ग्राहकों को पूरी तरह से सुरक्षा भरा माहौल देने के लिए अपनी तरफ से पूरा प्रयास करने में लगे हैं। दूसरी ओर शापिंग करने आने वाली महिलाएं शोरूम के ब्रांड या स्टेंडर्ड को देखने के बजाय अपनी सुरक्षा को पहली प्राथमिकता दे रही हैं।
गांधी नगर के लास्ट मोड़ के पास स्थित फैब इंडिया शोरूम की जनरल मैनेजर शिवानी भट्ट ने कहा कि एक दो व्यक्तियों की गलत हरकत की वजह से ब्रांड को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि सामान और अन्य चीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आउटलेट के परिसर में कैमरे लगाये गये हैं लेकिन ट्रायल रूम के पास या अंदर नहीं लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि वह अपने शोरूम में आने वाली महिला ग्राहकों को हर तरह की सुरक्षा और हर संभव सुविधा मुहैया करवाने का प्रयास कर रहे हैं।