कश्मीर में आई भीषण बाढ़ के कारण सब कुछ अस्त-व्यस्त होकर रह गया है। बाढ़ से घाटी में दूर संचार की मुख्य सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनी बीएसएनएल को करीब 400 करोड़ का नुकसान हुआ है, जिसके कारण लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
बीएसएनएल के जीएम डीके अग्रवाल का कहना है कि इन सेवाओं को पूर्ण रूप से बहाल होने में करीब छह माह का समय लग सकता है। उन्होंने बताया कि बाढ़ के चलते श्रीनगर स्थित बीएसएनएल केंद्र में हर तरफ कीचड़ और पानी है। कई कमरों की छत गिरी पड़ी हैं, तो कहीं फर्श उखड़ा हुआ है।
इस केंद्र की सारी मशीन खराब हो गई हैं। जब बाढ़ आई तो इस इमारत में करीब 15 फीट तक पानी भर गया था, जिसके कारण सभी मशीनों में पानी चला गया। उनके नेतृत्व में बीएसएनएल की एक विशेष टीम ने केंद्र का जायजा लिया, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि करीब 400 करोड़ का नुकसान हुआ है।
बीएसएनएल के कश्मीर संभाग के डीजीएम एमजी मुफ्ती के अनुसार, इस भीषण बाढ़ से कश्मीर में लगे 485 मोबाइल टावरों में से अब तक करीब 130 ही काम शुरू कर पाए हैं जबकि बाकी को जल्द शुरू करने के प्रयास जारी हैं।
अगले दो हफ्तों में घाटी में दूर संचार की सुविधाएं शुरू कर दी जाएंगी, लेकिन इन सुविधाओं को पूर्ण रूप से बहाल होने में करीब 6 माह तक का समय लग सकता है, जिसके लिए कर्मचारी काम पर दिन-रात जुटे हुए हैं।