जम्मू। प्रदेश में अब खेल प्रतिभाओं को मंच और बेहतर खेल प्रशिक्षण के अभाव से नहीं गुजरना पड़ेगा। खेल केंद्रीय मंत्रालय की ओर से प्रदेश में 40 स्माल खेलो इंडिया सेंटर खुलने जा रहे हैं। प्रदेश के सभी जिलों दो-दो सेंटर खुलेंगे।
जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल ने इसे लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर आवेदन मांगे हैं। इसके लिए भूतपूर्व खेल चैंपियनों को नियुक्त किया जाएगा। इससे नए खिलाड़ियों को जहां अनुभवी प्रशिक्षक मिलेंगे, वहीं वरिष्ठ खिलाड़ियों के लिए भी आय का स्रोत मिलेगा।
प्रदेश में जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेलो इंडिया के तहत जिला स्तर पर सेंटर खोले जाएंगे। इनमें खिलाड़ियों को
बेहतर खेल उपकरण के साथ अनुभवी प्रशिक्षक भी मिलेंगे। जम्मू जिले में बैडमिंटन और वुशू का एक-एक सेंटर बनेगा। ओल्ड इंडोर हॉल एमए स्टेडियम में बैडमिंटन और इंडोर स्पोर्ट्स हॉल भगवती नगर में वुशू का सेंटर बनेगा। वहीं श्रीनगर में मल्टी स्पोर्ट्स सेंटर गिंदुन राजबाग में बास्केटबॉल और इंडोर स्पोर्ट्स हॉल पोलो ग्राउंड में ताइक्वांडो का सेंटर बनेगा। पुंछ में बॉक्सिंग और हॉकी के सेंटर बनाए जाएंगे। इन सेंटर में प्रशिक्षक बनने के लिए पूर्व खिलाड़ी, कोच ऑनलाइन भी आवेदन कर सकेंगे। स्पोर्ट्स काउंसिल की वेबसाइट से फार्म डाउनलोड किया जा सकेगा। इसे 20 फरवरी शाम चार बजे तक काउंसिल की वेबसाइट पर डालना होगा। काउंसिल ने 120 सेंटर का प्रस्ताव भेजा था, जिसमें से 40 को मंजूरी मिली है।
जम्मू और कश्मीर संभाग में फुटबॉल के तीन-तीन सेंटर
श्रीनगर में बास्केटबॉल, ताइक्वांडो, बड़गाम में पैनकेक सिला, फुटबॉल, गांदरबल में जूडो, फुटबॉल, बारामुला में वॉलीबाल, हैंडबॉल, बांदीपोरा में कबड्डी, रग्बी, अनंतनाग में रेसलिंग, फुटबॉल, कुलगाम में कराटे, खो-खो, पुलवामा में तंथथा, कोर्फबॉल, शोपियां में वुशू और कुपवाड़ा वुशू व हॉकी जम्मू में बैडमिंटन, वुशू, सांबा में टेबल टेनिस, कोर्फबॉल, कठुआ में जूडो, हॉकी, उधमपुर में टेबल टेनिस, फुटबॉल, रियासी में रेसलिंग, फुटबॉल, डोडा में कबड्डी, फुटबॉल, किश्तवाड़ में योग, खो-खो, रामबन में ताइक्वांडो, वालीबॉल, राजोरी में बाक्सिंग, वॉलीबाल, पुंछ में बाक्सिंग, हॉकी के सेंटर बनाए जाएंगे।