प्रधानमंत्री के दो अप्रैल को प्रस्तावित दौरे से पहले सुरक्षा बलों ने उधमपुर के नरसू इलाके से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। दौरे को देखते हुए पुलिस और सेना की ओर से बुधवार देर रात नरसू इलाके में चलाए गए सर्च आपरेशन में संदिग्ध हत्थे चढ़े। उधमपुर पुलिस स्टेशन में रखे गए संदिग्धों से सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ में जुटी हुई हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो अप्रैल को चिनैनी-नाशरी टनल के उद्घाटन के लिए उधमपुर और चिनैनी दौरे पर पहुंच रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने चिनैनी नाशरी टनल के नजदीक पड़ते ग्रामीण इलाकों में सर्च आपरेशन करना शुरू कर दिया। बुधवार देर रात को पुलिस और सेना की टीम ने डीएसपी प्रोबेशनर आदिल शेख के नेतृत्व में नरसू में सर्च आपरेशन चलाया।
संदिग्धों के बारे में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने प्रधानमंत्री के दौरे से पहले एरिया डेमोस्ट्रेशन एक्सरसाइज के तहत सर्च आपरेशन छेड़ा था। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर स्थानीय लोगों से सहयोग मांग रही है। संदिग्धों को पुलिस हिरासत में रखकर उनसे पूछताछ की जा रही है।