पुंछ में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबल
- फोटो : एजेंसी
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की घुसपैठ कराने के लिए सीमा पार पाकिस्तान के कब्जे बाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में पाकिस्तान ने 37 लांचिंग पैड को सक्रिय रखा है। 18 आतंकी प्रशिक्षण शिविर भी खचाखच भरे हुए हैं। दिसंबर में कम बर्फबारी से घुसपैठ के रास्ते पूरी तरह बंद न होने का फायदा उठाते हुए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी अधिक से अधिक आतंकियों को इस पार धकेलने की फिराक में है।
सूत्रों ने बताया, आतंकी संगठनों ने नियंत्रण रेखा के उस पार अपने लांचिंग पैड्स पर 200 से अधिक आतंकियों को जमा कर रखा है। उन्हें मौका मिलते ही इस पार घुसपैठ करने के निर्देश दिए गए हैं। कश्मीर घाटी की तरफ नीलम वैली, लीपा वैली के लांचिंग पैड्स को सक्रिय किया गया है, जबकि, जम्मू फॉरवर्ड कोहटा, कोटली, सीढियां, पडमोहल्ला, रखचिखडी, भिंबर और निख्याल में सबसे अधिक संख्या में आतंकी मौजूद हैं।
इतना ही नहीं पीओजेके में वर्तमान में 18 आतंकी प्रशिक्षण शिविरों में आईएसआई की देखरेख में पाकिस्तानी सेना के एसएसजी कमांडो द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन्हें जंगल युद्ध, मुठभेड़ करने, घात लगा कर हमला करने, मार्शल आर्ट और दुश्मन के साथ क्रूरतम कार्रवाई करने का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां प्रशिक्षण लेने वालों में अधिकतर संख्या पाकिस्तानियों की है।
इस बार दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक बहुत कम बर्फबारी होने के चलते पुंछ-राजोरी में मौजूद आतंकियों को अपनी नापाक हरकतों को अंजाम देने का मौका मिल रहा है। साथ ही अधिकतर समय मौसम साफ रहने से पीओजेके में मौजूद आतंकी संगठनों लश्कर-ए-ताइबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिद्दीन के आका पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तानी सेना के सहयोग से उस पार से बड़ी संख्या में आतंकियों को नियंत्रण रेखा के इस पार धकेलने की फिराक में है।