अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर/पुलवामा। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा ज़िले में सुरक्षाबलों ने एक महिला समेत तीन संग्दिग्धों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से तलाशी के दौरान हथियार और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विश्वसनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए, सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अवंतीपोरा पुलिस क्षेत्राधिकार के पंजू और गमीराज क्षेत्र में एक संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया, और बलों ने उनकी संपत्ति से अन्य संभावित खतरनाक वस्तुओं के साथ दो पिस्तौल भी बरामद कीं।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए संग्दिग्धों की शिनाख्त रुकिया फारूक निवासी गमीराज त्राल, मोहम्मद यासीन मलिक निवासी पंजू त्राल और इरशाद आह खान निवासी पंजू त्राल के रूप में हुई। सूत्रों के अनुसार उनके पास से एक तुर्की मेड टिसास और कैनिक पिस्तौल, 42 - 9 एमएम राउंड और पिस्टल की 4 मैगजीन बरामद की गई। हालांकि इसको लेकर औपचारिक बयान नहीं आया।