जम्मू। कश्मीर और पंजाब के बीच नशा तस्करी का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है, जिसको ध्वस्त करने के लिए पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) को पूरी तरह से सक्रिय होकर काम करने के लिए कहा गया है। खासकर नेशनल हाईवे पर एसओजी को नाके लगाकर इस पर कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। डीजीपी ने कहा कि किसी भी कीमत पर जम्मू कश्मीर को पंजाब नहीं बनने दिया जाएगा। पिछले कुछ समय से जम्मू को नशे की तस्करी के लिए ट्रांजिट के तौर पर इस्तेमाल किया गया है।
एसओजी की ओर से दो हफ्तों के भीतर नशा तस्करी के बड़े मामलों का पर्दाफाश किया गया है। कश्मीर से आने वाले वाहनों में बड़े स्तर पर तरह-तरह से नशे के सामान को छुपाकर लाया जा रहा है। एसओजी के एसएसपी संदीप मेहता का कहना है कि नशा तस्करों पर जीरो टॉलरेंस के साथ निपटा जाएगा। भुक्की, हेरोइन और चरस को बड़े स्तर पर कश्मीर से पंजाब और जम्मू में लाया जा रहा है। कश्मीर और पंजाब नंबर के वाहनों पर पूरी नजर रखी जा रही है। एसओजी ने अन्य खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर काम शुरू किया है। इसकी की वजह से हम नशा तस्करों पर कार्रवाई कर पा रहे हैं। सभी वाहनों की हम स्कैनिंग तो नहीं कर सकते। लेकिन इंटेलिजेंस की मदद से तस्करों पर नजर रख रहे हैं।