पुंछ। क्षेत्र में कई दिन बिजली की समस्या बनी हुई है, जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को कलानी के लोगों का सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर को मंडी तहसील के कलानी गांव के ग्रामीण मंडी-पुंछ सड़क पर एकत्र हुए। वहां पर बिजली विभाग की लचर कार्यप्रणाली के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में भी बिजली सही प्रकार से नहीं मिल रही है, जिस कारण लोग समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इससे बिजली के उपकरण सफेद हाथी बने हुए हैं और बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। उन्होंने कहा कि बार-बार अवगत करवाने के बाद भी कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि तीन-चार दिन में समस्या दूर नहीं हुई तो सड़क जाम करने को मजबूर होंगे।