ज्यौड़ियां। क्षेत्र में भी वैवाहिक सीजन चल रहा है। यातायात बंद होने से लोग रिश्तेदारों की शादियों में नहीं पहुंच पा रहे हैं। विवाह में रिश्तेदारों की कमी से रौनक भी कम दिख रही है। जहां अपने रिश्तेदार की शादी में शरीक होने के लिए पूरा परिवार तैयार था। यातायात बंद होने के चलते परिवार का एक ही शख्स पहुंच पा रहा है।
खौड़ में गिरधारी लाल के बेटे की शादी है। बरात मंगलवार को जानी है। गिरधारी लाल ने बताया कि उनकी ज्यादातर रिश्तेदारी दूसरे जिलों में है, जिन रिश्तेदारों के पास आने का साधन है वह तो पहुंच गए, लेकिन जिनके पास साधन नहीं है वह नहीं पहुंच पाए हैं। शादी में रौनक ही नहीं दिख रही है।
ज्यौड़ियां में एक शादी में शरीक होने आए आरएस पुरा के गांव सेई निवासी सतपाल चौधरी ने बताया कि उनकी बहन की बेटी की शादी है और लड़की के मामा होने के नाते मुझे पहुुंचना बहुत जरूरी था। मैं और मेरी पत्नी यहां तक लिफ्ट लेकर मुश्किल से पहुंचे हैं। उधर पलांवाला निवासी देसराज ने बताया की मेरी साली की आज बरात आनी है। यातायात बंद होने के चलते शादी में मैं अपने घर से अकेला ही जा रहा हूं। अगर हालात ठीक रहते तो परिवार के सभी लोग शादी में जाने के लिए तैयार थे। मैं सुबह छह बजे से खौड़ बस अड्डे पर खड़ा हूं कोई भी साधन अभी तक जाने के लिए नहीं मिला है।