भारी भूस्खलन से तबाह हुए सनासर पंचायत के चौढ़ गांव के 25 परिवारों को इधर-उधर शिफ्ट किया गया है। 17 परिवारों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा चुका है, जबकि रविवार की शाम को आठ और परिवारों को निकाला गया।
प्रशासन इन परिवारों को पर्यटन विभाग और पत्नीटाप विकास प्राधिकरण की हटों में ठहराने दावा कर रहा है। लेकिन गांव के पीडि़तों का कहना है कि उन लोगों ने खुद ही गांव खाली कर रिश्तेदारों और अन्य जगहों पर पनाह ली है। जिला प्रशासन ने गांव के लिए रास्ता साफ करने के लिए बीआरओ और ग्रेफ से मदद मांगी है।
पिछले सप्ताह भारी बारिश और बर्फबारी के चलते चौढ़ गांव में भारी भूस्खलन हुआ था। इसकी चपेट में गांव का प्राइमरी स्कूल भी आ गया था। गांव तक पहुंचने के लिए रास्तों पर मलबा और बर्फ जमी है। रास्ता पूरी तरह बंद है।