बिजली संकट से दोचार जम्मू-कश्मीर में श्री अमरनाथ यात्रियों को बिजली गुल रहने का सामना नहीं करना पड़ेगा। बिजली विभाग की ओर से जम्मू स्थित आधार शिविर यात्री निवास में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 24 घंटे बिजली आपूर्र्ति के प्रबंध किए हैं। इसके अलावा पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति की व्यवस्था भी की गई है।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार श्री अमरनाथ यात्रा के पहलगाम और बालटाल स्थित आधार शिविरों के अलावा जम्मू में भी यात्री निवास में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। बिजली विभाग ने इसके लिए जेनरेटरों की वैकल्पिक व्यवस्था की है।
इसका मतलब यह है कि जब सामान्य बिजली आपूर्ति गुल हो जाएगी तो जेनरेटर आन हो जाएंगे और यात्रियों को बिजली संबंधित समस्याओं से दोचार नहीं होना पड़ेगा। बिजली विभाग की ईएमएंडआरई डिवीजन जम्मू के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर सुनील कुमार का कहना है कि श्री अमरनाथ यात्रियों के ठहरने के स्थलों जैसे जम्मू यात्री निवास में 24 घंटे बिजली आपूर्ति होगी।
सामान्य बिजली गुल होने पर जेनरेटर से बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी। पीएचई, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री चौधरी सुखनंदन कुमार का कहना है कि जहां तक पेयजल आपूर्ति का सवाल है तो श्री अमरनाथ यात्रियों को कोई समस्या पेश नहीं आने दी जाएगी।