जम्मू-कश्मीर में पिछले चार दिनों में विभिन्न कारणों से पवित्र गुफा की ओर जा रहे छह अमरनाथ यात्रियों की मौत हुई है। इसके साथ ही अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें 18 यात्री, दो सेवादार (वालंटियर) और दो सुरक्षाकर्मी शामिल हैं।
एक जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा में अब तक पहाड़ों से पत्थर गिरने व अन्य कारणों से 30 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें संबंधित चिकित्सा केंद्रों में चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। हार्ट अटैक के लिए पवित्र गुफा के पास श्राइन क्षेत्र में ऑक्सीजन की कमी बड़ा कारण रहा है।
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की ओर से श्रद्धालुओं के लिए नियमित हेल्थ एडवाइजरी जारी की जाती रही है, लेकिन बड़ी संख्या में यात्री बिना उचित तैयारी के आ जाते हैं। अब तक ढाई लाख के करीब श्रद्धालु पवित्र हिमलिंग के दर्शन कर चुके हैं। रक्षाबंधन पर 15 अगस्त को यात्रा की समाप्ति होगी।