उधमपुर के बाड़या इलाके में रविवार देर रात को एक दुकान में आग लग गई। इस दौरान दुकान के अंदर रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। इसके बाद दमकल विभाग के कर्मियों ने आग पर काबू पाया। हालांकि तबतक सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे प्रणव शर्मा की इंटीरियर की दुकान में अचानक आग लग गई। साथ में ही रहने वाले व्यक्ति को सबसे पहले इसका पता चला और दुकान के मालिक को इसकी सूचना दी, जिसके बाद इसकी खबर दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया।
दुकान के अंदर पूरी तरह से आग लगी हुई थी और दमकल विभाग के लिए जलती हुई दुकान का शटर खोलना मुश्किल हो रहा था। कड़ी मशक्कत के बाद शटर खोलने में कामयाबी मिल सकी। इसके बाद आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे के बाद आग पर नियंत्रण पाने में कामयाबी मिली। दुकान में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।