ज्यौड़ियां। छंब विधानसभा क्षेत्र की पंचायत मट्टू के गांव दानपुर, दतयाल तथा गरजाल गांव लगभग 20 साल पहले दरिया चिनाब से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर थे, लेकिन बरसात से चिनाब के जलस्तर से होने वाले कटाव से तीनों गांवों मात्र सौ मीटर की दूरी पर पहुंच गए हैं। इस स्थिति में तीनों गांव के लोग काफी खतरा महसूस कर रहे हैं। गांव के लोगों के मुताबिक कटाव अब भी जारी है। जिन लोगों के मकान दरिया के करीब हैं वह काफी सहमें हुए हैं।
पंचायत मट्टू की वार्ड नंबर पांच के सरपंच स्वर्ण सिंह मनहास, पूर्व सरपंच पंचायत मट्टू राकेश कुमार, नायब सरपंच कुलबीर सिंह चौधरी, पंच वार्ड नंबर पांच ज्योति देवी ने बताया कि दरिया चिनाब हमारे गांवों की तरफ लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सिंचाई विभाग की तरफ से उसकी रोकथाम के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि बरसात के दिनों में जब जलस्तर बढ़ता है तो तो भूमि कटाव होता ही है, लेकिन जब सर्दी में चिनाब में पानी का जलस्तर कम होता है तब ज्यादा कटाव होता है। इन दिनों जलस्तर कम है और कटाव हो रहा है।
इस विषय में एईई अवतार सिंह ने बताया कि हमने एसडीएम खौड़ देवेंद्र पाल भगत के साथ मौके की स्थिति का जायजा लिया है। हमने देखा कि कटाव जारी है और लोग भी भय में हैं। इसलिए जल्द ही एक्सईएन से बात कर कटाव के रोक थाम के प्रयास किए जाएंगे।