उधमपुर। झज्जर कोटली में वीरवार को आतंकियों के मारे जाने तक देविकानगरी कड़ी सुरक्षा में रही। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुुलिस व सेना ने संयुक्त रूप से नाके लगाकर वाहनों की जांच की। एक-एक यात्री और वाहन चालक के पहचान पत्र देखने के बाद ही उन्हें आगे जाने दिया गया।
बुधवार को ही सेना व पुलिस ने राजमार्ग पर सुरक्षा कड़ी कर दी थी। वहीं रात के समय उधमपुर शहर के अलावा फ्लाटा, मांड व टिकरी में नाका लगाया गया। इन नाकों पर सेना व पुलिस वाहनों को रोक कर यात्रियों और चालकों की जांच पड़ताल कर रही थी। सुरक्षाबलों ने वाहनों के अंदर भी अच्छी तरह से तलाशी ली। उधर, सेना व पुलिस ने सुबह के समय टिकरी, मांड, धनु, मुत्तल के जंगलों में भी सर्च आपरेशन चलाया। घर-घर जाकर लोगों से पूछताछ भी की। जम्मू से घाटी की तरफ जाने वाले ट्रकों की भी जांच की।
कटड़ा जाने वाले मार्ग पर सेना की रही पैनी नजर
कटड़ा की तरफ जाने वाले वाहनों की जांच के लिए टिकरी में सेना ने विशेष नाका लगाया था। इस नाके पर सिर्फ सेना के जवान थे। जो भी वाहन यहां पहुंचा, उसकी अच्छी तरह से तलाशी ली गई। लोगों के पहचान पत्र देखने के अलावा कटड़ा जाने का कारण भी पूछा गया। जांच और तलाशी के बाद ही यात्रियों को कटड़ा की तरफ जाने दिया गया।