रामबन। जिला अस्पताल परिसर में बने अस्थाई स्टोर में मंगलवार को दोपहर बारह बजे अचानक आग लग गई। इससे स्टोर का ज्यादातर सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डीसी शौकत एजाज़ भट रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसमें पुलिस, एसडीआरएफ , सेना, सीआरपीएफ और सिविल क्यूआरटी रामबन शामिल थी। उन्होंने सबसे पहले सभी मरीजों को अस्पताल की मुख्य इमारत, जो घटनास्थल से बिलकुल सटी है, वहां से निकालकर ट्रामा सेंटर एवं अन्य सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। फायर सर्विस की टीम ने आग पर काबू पाया। इसमें जानी नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि अस्पताल की इमारत को नुकसान पहुंचा है। वहीं, स्टोर में रखी चीजों में आग पकड़ने के बाद हुए पांच धमाके से देर तक दहशत का माहौल बना रहा।
एसएसपी रामबन अनीता शर्मा ने बताया कि इस घटना की खबर मिलते ही टीमें मौके पर पहुंची जिन्होंने आग पर काबू पाने के साथ.साथ सभी मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच एफ एसएल की टीम भी कर रही है, जिन्होंने मौके पर पहुंच कर के सैंपल एकत्रित कर लिए हैं।
इस बीच मेडिकल सुपरिंटेंडेंट जेपी सिंह जमवाल ने कहा कि सुबह 11:50 के लगभग अस्पताल के साथ बने स्टोर में आग लगी। इस पर हमने फायर सर्विस को संपर्क कर सूचित किया। हालांकि उनके पहुंचने तक काफी सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। लेकिन अभी तक ऐसा लग रहा है कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो।