पुलवामा। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के बाबागुंड इलाके में शनिवार को सुरक्षा बलों ने एक आतंकी को मार गिराया। एक अन्य घायल हुआ है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सेना से भागकर आतंकी संगठन में शामिल हुए जहूर ठोकर के मौके से भाग निकलने की सूचना है। मुठभेड़ स्थल से हथियार व गोला बारूद बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार मारे गए आतंकी की शिनाख्त संबूरा के शब्बीर अहमद डार उर्फ माली के रूप में हुई है। पुलवामा का मुरन निवासी आतंकी शौकत अहमद डार घायल हुआ है जिसे श्रीनगर के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार शौकत को अस्पताल में कुछ स्थानीय लोगों ने भर्ती कराया। अस्पताल में उसका नाम बशीर अहमद लिखा गया है। डाक्टरों के अनुसार उसे पेट में गोली लगी है जिससे उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि इलाके से 55 राष्ट्रीय राइफल्स का कैस्पर वाहन गुजर रहा था। तभी आतंकियों ने हमला करते हुए उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसके बाद भागकर वे इलाके में छिप गए। सुरक्षा बलों की ओर से पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया तभी वहां छिपे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया। सुरक्षा बलों ने आस पास के इलाकों में तलाशी अभियान भी चलाया।