कटड़ा। नवरात्र महोत्सव के तहत योज्ञाश्रम परिसर में अखिल भारतीय भेंट प्रतियोगिता के पहले दिन ही गायकों ने सुर व ताल के संगम के बीच अपनी प्रस्तुतियों से आगामी मुकाबले कड़े होने के संकेत दे दिए। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जम्मू-कश्मीर बैंक के चेयरमैन परवेज अहमद ने किया। कुल दस गायकों का चयन किया गया था।
प्रतियोगिता में जम्मू की सुष्मिता की भेंट पैरां बिच पा के कुंगरू... को प्रथम स्थान मिला। उन्हें दस हजार रुपये की राशि से सम्मानित किया गया। हिमाचल के चंबा जिले से आए खुशी शुभ ने सूफी कलाम मेरा रांजा पल्ले दे बिच पा दे.. प्रस्तुत की। उन्हें दूसरा स्थान प्राप्त करने पर पांच हजार रुपये की राशि से सम्मानित किया गया। तीसरा स्थान जम्मू के महेंद्र सोनी व सुमित ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया। महेंद्र सोनी ने जिना रखियां तेरे ते माई डोरां.. भेंट सुनाई। प्रथम स्थान के विजेता को मेगाफाइनल में प्रवेश मिला, जबकि दूसरे व तीसरे स्थान के विजेता को मेगाफाइनल से पहले क्वार्टर सेमीफाइनल में फिर से अपनी प्रस्तुति देनी होगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले अन्य गायकों में कृष्णा अग्रवाल, वर्षा जम्वाल, अभिनंदन, सुमित भल्ला, दीपक कुमार, वैष्णवी आदि शामिल थे। निर्णायक मंडल में उषा भगाती, प्रवीण सवरवाल व सुरिंद्र शर्मा रहे।
मेगाफाइनल के विजेता को मिलेगा तीन लाख रुपये का गोल्ड
भेंट प्रतियोगिता कमेटी के चेयरमैन राकेश वजीर ने बताया कि आखिरी नवरात्र पर आयोजित मेगाफाइनल में प्रथम स्थान के विजेता को तीन लाख रुपये के गोल्ड व विनस टेप्स के साथ रिकार्डिंग कांट्रेक्ट पुरस्कार में प्राप्त होगा। दूसरे स्थान के विजेता को एक लाख रुपये व तीसरे स्थान के विजेता को पचास हजार रूपये के गोल्ड के साथ सम्मानित किया जाएगा।