जम्मू-कश्मीर के शोपियां में रविवार तड़के हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। यह ऑपरेशन खुफिया जानकारी मिलने के बाद शुरू किया गया था। मारे गए आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। पुलिस ने इस मामले में केस भी दर्ज कर लिया है।
जम्मू कश्मीर पुलिस ने इस इनकाउंटर के दौरान दो आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि की है। मारे गए आतंकियों में शोपियां का नवाज वगाय और पुलवामा का यावार वानी शामिल थे। यह दोनों आतंकी अल-बद्र संगठन से थे।
इससे पहले कल नौगाम रेलवे स्टेशन से शनिवार को पुलिस ने एक महिला आतंकी को गिरफ्तार किया। सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ में जुटी हुई हैं। इससे पहले एके 47 राइफल के साथ उसका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हालांकि, पुलिस ने इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ भी नहीं बताया है।
एक दूसरे घटनाक्रम में दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकियों ने पांच युवाओं का अपहरण कर लिया। इनमें से एक की हत्या कर दी गई। उसकी सिर कटी लाश शनिवार को पास के बगीचे से बरामद हुई। आतंकियों ने दो युवाओं को छोड़ दिया, जबकि दो अन्य युवक अब भी लापता हैं।