जम्मू। जम्मू कश्मीर में कोरोना संक्रमण फिर से पांव पसार रहा है। प्रदेश में बुधवार को 198 नए संक्रमित मामले सामने आए। इसमें जम्मू संभाग से 19 और कश्मीर से 179 मामले शामिल हैं। इस बीच जम्मू के मढ़ क्षेत्र के एक निवासी की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। जम्मू से यह 9वीं मौत है। कश्मीर में भी दो लोगों ने कोरोना संक्रमण से दम तोड़ दिया। प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों से 134 पॉजिटिव मरीज रिकवर हुए। इनमें जम्मू संभाग से 8 और कश्मीर से 126 मरीज शामिल हैं। प्रदेश में अब तक 4856 मरीज रिकवर हो चुके हैं, इसमें जम्मू संभाग से 1166 और कश्मीर से 3690 मरीज शामिल हैं।
कोरोना संक्रमण से पीड़ित जम्मू के मढ़ क्षेत्र के 56 वर्षीय व्यक्ति को पहले अखनूर अस्पताल में भर्ती किया गया था, जिसके बाद उसे कमांड अस्पताल उधमपुर में शिफ्ट किया गया था। उसे हृदय सहित अन्य शारीरिक समस्याएं भी थीं, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई और उसने दम तोड़ दिया। जम्मू में बुधवार को आए 11 पाजिटिव मामलों में 6 ट्रैवलर और 5 स्थानीय मामले शामिल हैं। इसमें एक त्रिकुटानगर निवासी, सीआरपीएफ जवान, एक होटल का कर्मी और एक बिश्नाह निवासी है। श्रीनगर में 32, बारामुला में 49, कुलगाम में 1, शोपियां में 32, अनंतनाग में 8, कुपवाड़ा में 16, पुलवामा में 24, बड़गाम में 6, गांदरबल में 11, उधमपुर में 1, सांबा में 2, राजोरी में 2 और डोडा में 3 पाजिटिव मामले आए हैं। कुल 198 पाजिटिव मामलों में 25 ट्रैवलर और 173 अन्य वर्ग के लोग शामिल हैं।
प्रदेश में 3545 संदिग्ध लोग निगरानी में लिए
जम्मू। जम्मू कश्मीर में बुधवार को कोरोना के 285126 संदिग्ध लोगों को निगरानी में लिया गया। इसमें 40118 को घर पर क्वारंटीन, 2734 को अस्पताल में आइसोलेशन, 35 को अस्पताल में क्वारंटीन, 46475 को घर पर सर्विलांस पर लिया गया। इसमें 195659 ने सर्विलांस अवधि को पूरा कर लिया है। अब तक 371486 सैंपलों में से 363791 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। कुल 7695 में 2734 सक्रिय मामले हैं। इसमें 451 जम्मू संभाग और 2283 कश्मीर संभाग से हैं। अब तक जम्मू संभाग से 14 और कश्मीर से 92 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है।