जम्मू। कटड़ा में अंतर राज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) बनाए जाने के प्रक्रिया कमेटी ने शुरू कर दी है। कमेटी के सदस्यों ने बैठक चर्चा की कि आईएसबीटी बनाने को किसी प्राइवेट कंपनी से अनुबंध किया जाए या फिर सरकार इसे स्वयं बनाएगी। प्राइवेट कंपनी से एमओयू साइन किया गया तो उसके मापदंड क्या होंगे। कमेटी ने आईएसबीटी की जगह को लेकर भी चर्चा की। अधिकतर सदस्यों की सहमति थी कि पुराने बस अड्डे को ही आईएसबीटी बनाया जाए।
सिविल सचिवालय में कमेटी के चेयरमैन आवास एवं शहरी विकास विभाग के प्रशासनिक सचिव अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में आईएसबीटी के लिए डिजाइन और प्रोजेक्ट की पूरी योजना भी प्राइवेट कंपनी देने के लिए सहमति बनी है। सूत्रों के अनुसार प्रोजेक्ट की योजना और फंडिंग के लिए कामर्शियल कांप्लेक्स बनाया जाएगा। कमेटी में चर्चा हुई कि कामर्शियल जगहों को अलाट करने से भी फंड तैयार किए जाने से सेल्फ फाइनेंसिंग की जा सकती है। दुकानों या अन्य व्यवसायिक केंद्रों से भी फंड तैयार किए जा सकते हैं।
बैठक में अलावा पर्यटन विभाग जम्मू के निदेशक, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कटड़ा, जम्मू विकास प्राधिकरण के वाइस चेयरमैन, शहरी निकाय बाडी जम्मू के निदेशक, रियासी के जिलाधीश, सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) कटड़ा, जम्मू विकास प्राधिकरण के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर, कटड़ा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जम्मू-कश्मीर के चीफ आर्किटेक्ट, चीफ टाउन प्लानर जम्मू, नगर कमेटी कटड़ा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बैठक में मौजूद थे।