आरएस पुरा। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित जीरो लाइन पर मंगलवार को पाकिस्तानी रेंजर्स और बीएसफ के अधिकारी के बीच फ्लैग मीट हुई। इसमें सीमा पर शांति बनाए रखने पर चर्चा की गई।
फ्लैग मीट में सीमा सुरक्षा बल जम्मू सेक्टर के डीआईजी ओपी उपाध्याय सहित अन्य 15 अधिकारी और पाकिस्तानी रेंजर्स के सेक्टर कमांडर मो. अमजद हुसैन सहित 14 अधिकारी मौजूद थे। लगभग 45 मिनट तक चली इस मीटिंग में पाकिस्तान रेंजर्स और सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के बीच सरकंडे की सफाई करने और जीरो लाइन के पास आपसी सहमति से काम करने पर बातचीत हुई। सीमा सुरक्षा बल के जम्मू सेक्टर के डीआईजी ओपी उपाध्याय ने कहा कि रुटीन के मुताबिक पाकिस्तानी रेंजर्स के साथ फ्लैग मीट का आयोजन किया गया था ताकि सीमा पर तनाव न हो और शांति बनी रही और अगर कोई परेशानी आती है तो उस पर बातचीत से समाधान किया जा सके।