उधमपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही एकतरफा होने के कारण शुक्रवार को शहर व आसपास के इलाकों में ट्रकों को रोक कर रखा गया। इनको अब पुलिस शनिवार सुबह घाटी की तरफ रवाना करेगी।
गौरतलब है कि वीरवार को रामबन में पस्सियां गिरने से राजमार्ग के बंद होने पर घंटों राजमार्ग बंद रहा था। रात के समय पस्सियां हटाकर राजमार्ग को खोला तो गया, लेकिन उधमपुर से ट्रकों को घाटी की तरफ रवाना नहीं किया गया। रोके जाने पर जखैनी, संगूर, रठियान, बट्टलबालियां, गरनई व अन्य कई इलाकों में ट्रकों की लंबी कतार लगी हुई है। शुक्रवार को दिन भर ट्रकों के चालक व सह चालक आगे बढ़ने की अनुमति मिलने का इंतजार करते रहे, लेकिन पुलिस ने किसी भी ट्रक केे जखैनी से आगे नहीं बढ़ने दिया गया। पुलिस ने ट्रक चालकों को बताया कि आज किसी को भी नहीं जाने दिया जाएगा। शनिवार सुबह होते ही एक एक कर ट्रकों को घाटी की तरफ रवाना कर दिया जाएगा।