पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने वाले आरईटी शिक्षकों को स्थायी बनाने की प्रक्रिया में शिक्षा विभाग ने तेजी ला दी है। इसी के तहत सोमवार को शिक्षा निदेशक जम्मू ने छह जिलों के 170 आरईटी शिक्षकों को स्थायी बनाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
सभी सीईओ को नियमों के तहत स्थायी बनाने की प्रक्रिया को पूरा करने को कहा गया है। अभी तक 500 के करीब शिक्षकों के निकल चुके हैं आर्डर। पूरे राज्य से पांच हजार से ज्यादा आरईटी शिक्षक पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने के बाद स्थायी शिक्षक बनाए जाने के इंतजार में हैं।
इनको स्थायी बनाने के आर्डर निकलने के लिए करीब डेढ़ वर्ष तक इंतजार करना पड़ा है। करीब एक महीने से शिक्षा विभाग ने इनको स्थायी बनाने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है और इसके तहत लगातार सूची जारी करके इनको स्थायी बनाने के आदेश जारी किए जा रहे हैं।
सोमवार को शिक्षा विभाग ने सबसे बड़ी सूची जारी की है। इस सूची में 170 आरईटी शिक्षकों को स्थायी बनाने के आदेश शिक्षा निदेशक जम्मू स्मिता सेठी ने जारी किए हैं। इस सूची में पुंछ जिले के 30, डोडा के सबसे अधिक 71, कठुआ के सात, सांबा के सात, उधमपुर के 52, रियासी के तीन आरईटी शिक्षक हैं। शिक्षा निदेशक ने सभी सीईओ से कहा कि इन आरईटी शिक्षकों के कार्यकाल का पूरा रिकार्ड जमा करवाया जाए।