उत्तरी कश्मीर में फिलहाल 17 स्थानीय आतंकी मौजूद हैं। हम बर्फबारी से पहले घुसपैठ रोकने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। यह बात पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मोहम्मद सुलेमान चौधरी ने बारामुला जिले में आयोजित जम्मू-कश्मीर पुलिस के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कही।
साउथ रेंज के डीआईजी चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा उड़ी और टंगधार सेक्टर में रविवार को हुए संघर्षविराम उल्लंघन के दौरान एक स्थानीय नागरिक की मौत हुई जबकि सेना के दो जवान भी शहीद हुए। इस दौरान सिविलियन एरिया में हुए माल -मवेशियों के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। भविष्य में ऐसे हालात पैदा होने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के लिए पुलिस और सेना ने ज़िला प्रशासन के साथ मिलकर एक प्लान बनाया है।
कुछ विदेशी आतंकी भी सक्रिय
वहीं उत्तरी कश्मीर में स्थानीय आतंकियों की मौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में सुलेमान चौधरी ने कहा कि अगर उत्तरी कश्मीर के हंदवारा और सोपोर की बात करें तो वहां इस समय कुल 17 स्थानीय आतंकी मौजूद हैं जबकि कुछ विदेशी आतंकी भी सक्रिय हैं। यह पूछे जाने पर कि बर्फबारी से पहले घुसपैठ के प्रयास और तेज होंगे? जवाब में चौधरी ने कहा कि इसके लिए हम पूरी तरह तैयार है।