चिनाब घाटी में बचे हुए आतंकियों का जल्द सफाया किया जाएगा। चिनाब घाटी को फिर पूरी तरह से आतंक मुक्त किया जाएगा। फिलहाल जम्मू संभाग शांत है। कुछ लोग शांति भंग करने की फिराक में जरूर बैठे हुए हैं। लेकिन यह अपने इरादों में कामयाब नहीं होंगे। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट हैं और इनके किसी भी हमले का जवाब देने को तैयार हैं। आईजी जम्मू मुकेश सिंह ने यह बातें पुलिस के राष्ट्रीय स्मरण दिवस पर पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
आईजीपी ने सोमवार को पहले रेलवे स्टेशन वार मेमोरियल और इसके बाद गुलशन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उनके साथ पुलिस के कई आला अधिकारी मौजूद रहे। सिंह ने कहा कि चिनाब घाटी में कुछ आतंकी बचे हुए हैं। इन पर सिक्योरिटी फोर्स की कड़ी नजर है। जल्द ही इन लोगों का काम तमाम किया जाएगा। इनके लिए काम करने वाले ओवर ग्राउंड वर्करों का नेटवर्क पहले से ध्वस्त हो चुका है। आतंकी अब अकेले पड़ गए हैं, जिनकी धरपकड़ जारी है। जो पकड़ा नहीं जाएगा, वो मारा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि चिनाब घाटी में जहांगीर सरूरी नाम का पुराना आतंकी अभी भी जिंदा है। सरूरी ने चिनाब घाटी में दोबारा से आतंकवाद को जिंदा किया है। इसी के तैयार आतंकियों ने किश्तवाड़ जिले में भाजपा नेता और संघ नेता की हत्या की थी। हालांकि हत्या करने वाले तीन आतंकियों को पुलिस ढेर कर चुकी है।