जम्मू। श्रीनगर स्थित सिंथेटिक टर्फ पर चल रही जेकेएसएससी यूथ फुटबाल लीग में शुक्रवार को लड़कों के वर्ग में श्रीनगर और किश्तवाड़ ने शानदार प्रदर्शन कर प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर अगले दौर में प्रवेश किया। लड़कियों के वर्ग में जम्मू ने बड़गाम को शिकस्त देकर बाजी मारी। विजेता टीमों के खिलाड़ियों ने सामने वालों को आगे आने का मौका नहीं दिया और एकतरफा मुकाबलों में जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में श्रीनगर के खिलाड़ियों ने शुरू से ही पुंछ पर जोरदार हमले जारी रखे और उन्हें सफलता भी मिली। टीम के खिलाड़ियों ने शुरू से ही सामने वालों पर दबाव बनाकर खेला। टीम की ओर से परवेज ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वियों की रक्षापंक्ति को भेदते हुए शानदार चार गोल ठोककर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। एक के बाद एक गोल से पुंछ के खिलाड़ियों को संभलने का कोई मौका नहीं मिला। इसके अलावा टीम की ओर से महरान और आफरीन ने एक-एक गोल ठोककर टीम को जीत दिलाने में अपना योगदान दिया। दूसरा मुकाबला भी एकतरफा रहा और इसमें जिला किश्तवाड़ ने पुलवामा को 3-0 से बाहर किया। इस बीच पुलवामा के खिलाड़ी कई बार बॉल को लेकर गोल पोस्ट तक पहुंचे, मगर वे किश्तवाड़ की मजबूत रक्षापंक्ति को भेदने में सफल नहीं हो पाए और उन्हें सीधी हार देखनी पड़ी। किश्तवाड़ की ओर से दानिश, हमीद और अनवेश ने शानदार एक-एक गोल ठोककर टीम को जीत तक पहुंचाने में योगदान दिया। एक अन्य मुकाबले में जम्मू ने बड़गाम को 4-0 से मात दी। टीम की ओर से दच्चन आंगमो, डोलकर, जरीफा और रिगजिन ने गोल ठोके। बड़गाम के खिलाड़ी कई बार गोल पोस्ट तक पहुंचे, मगर वे जम्मू की रक्षापंक्ति को तोड़ने में कामयाब नहीं हो पाए।
--आज के मुकाबले
लड़कियों के वर्ग में लेह बनाम कठुआ, बांदीपोरा बनाम बड़गाम, श्रीनगर बनाम बारामुला और लड़कों के वर्ग में पुलवामा बनाम सांबा के बीच भिड़ंत होगी।