ज्यौड़ियां। एसडीएम खौड़ अनिल कुमार ठाकुर ने किसानों से खेतों में आग न लगाने को कहा है। क्योंकि इससे प्रदूषण तो फैलता ही है साथ ही बारिश के आसार भी कम होते है तथा खेत में मिट्टी की उर्वरक क्षमता घटती है।
उन्होंने खौड़ उपजिले के कई गांवों का दौरा कर किसानों के साथ बैठकें कीं। उन्होंने किसानों को बताया कि आपकी गेहूं की फसल पक कर तैयार है। प्राय: यह देखा गया है कि किसान गेहूं फसल की बालियां तो काट लेते हैं लेकिन उसके बाद का हिस्सा नष्ट करने के लिए उसमें आग लगा देते हैं। इसे आसपास के खेत भी चपेट में आ जाते हैं। दूसरी तरफ खेत की मिट्टी भी प्रभावित होती है जिससे दूसरी फसल के उत्पादन पर असर पड़ता है।
इस दौरान किसानों ने भी एसडीएम से एक दमकल गाड़ी की मांग की। किसानों ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी खौड़ थाने में एक गाड़ी और टीम तैनात कर दी जाए। किसानों ने खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की ढीली तारों को कसाने की भी मांग की। किसानों ने बताया कि क्षेत्र में ज्यादातर आग लगने की वजह बिजली की यह ढीली तारें बनती हैं और हमारी फसल बर्बाद हो जाती है।
एसडीएम ने किसानों की अन्य कई समस्याएं भी सुनीं। किसानों ने नहरों की सफाई का मुद्दा भी उठाया। किसानों की समस्याएं सुनने के उपरांत आश्वासन दिया कि हम बिजली विभाग के अधिकारिओं को जल्द निर्देश देकर बिजली की तारों को दुरुस्त करने के लिये कहेंगे। दमकल विभाग की गाड़ी भी तैनात कराई जाएगी।
बारिश की संभावनाओं से किसान चिंतित
अखनूर। क्षेत्र में गेहूं की फसल पकने पर किसानों ने कटाई शुरू कर दी है। कंडी क्षेत्र में कई जगह अभी किसानों ने कटाई शुरू नहीं की है। जिस पर बारिश की चिंता सता रही है। अखनूर क्षेत्र के देवीपुर, सौहाल, ज्यौड़ियां, खौड़, परगवाल सहित अन्य क्षेत्र में किसानों ने गेहूं की फसल की कटाई शुरू कर दी है। कंडी क्षेत्र में अभी तक फसल के पक्की न होने पर किसानों ने कटाई शुरू नहीं की है। किसान परास राम ने बताया कि बारिश की चिंता सता रही है। ऐसे में हर किसान जल्द से जल्द कटाई करना चाहता है। पिछले दिनों बारिश होने पर फसल खराब होने की चिंता लगी रही। फैजाराम ने बताया कि कंडी क्षेत्र में फसल अभी पकने में थोड़ा समय लगेगा। मगर मैदानी क्षेत्र के लोगों ने कटाई शुरू कर दी है। ब्यूरो
दमकल विभाग की गाड़ी परगवाल भेजने की मांग
परगवाल। कृषि प्रधान क्षेत्र परगवाल के लोगों ने प्रशासन से दमकल विभाग की गाड़ी परगवाल भेजने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस समय गेहूं की फसल पकने को तैयार है और इस समय आग की एक चिंगारी उनकी मेहनत पर पानी फेर सकती है। किसानों के अनुसार पिछले साल भी उनकी बहुत सारी फसल जलकर राख हुई थी, जिससे उनको काफी नुकसान उठाना पड़ा था। हालांकि दमकल विभाग की गाड़ी क्षेत्र में होने से उनकी बहुत सारी फसल जलने से बच भी गई थी। उन्होंने विभाग से दमकल की गाड़ी परगवाल भेजने की मांग की है। ज्ञात रहे परगवाल क्षेत्र में बहुत सारे लोग कृषि पर निर्भर हैं। गेहूं की फसल पकने पर दमकल विभाग हर साल यहां अपनी एक गाड़ी भेजता है जो क्षेत्र में गेहूं की फसल को आग से बचाने के लिए हमेशा तैयार रहती है। ब्यूरो