उधमपुर। लोकसभा चुनाव में मतदान को लेकर युवाओं के साथ ही बुजुर्गों का भी उत्साह देखते ही बनता था। बुजुर्ग अपने परिवार के सदस्यों के सहारे मतदान करने के लिए पहुंचे। कई बुजुर्ग तो ऐसे थे, जिनकी उम्र 100 वर्ष या उससे अधिक थी। सबका कहना था कि देश व राज्य के विकास में अपनी उम्र को बाधा नहीं बनने देना चाहते हैं, इसलिए सभी उत्साह के साथ मतदान करने के लिए पहुंचे हैं।
सुबह सात बजे जब मतदान शुरू हुआ तो मतदान करने में बुजुर्गों में गजब का उत्साह देखने को मिला। सुबह के समय ही परिवार के सदस्यों के साथ सहारा लेकर मतदान केंद्रों में पहुंच गए थे। रामनगर में 102 वर्ष के वीके सलाथिया, रामनगर के पिंगर में रहने वाले 105 वर्ष त्रिलोक, जिब में 100 वर्ष की सावित्री देवी सुबह करीब दस बजे मतदान करने पहुंचे। इनको परिवार के सदस्य उठाकर मतदान केंद्र तक लेकर आए। मतदान के दौरान इनका उत्साह देखते ही बनता था। इसके अलावा 95 वर्ष की राज देई, 90 वर्ष के बेली राम, 86 वर्ष के राम गुप्ता, मीरा बीबी सहित सैकड़ों बुजुर्गों ने उत्साह के साथ लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लिया। सभी बुजुर्गों ने कहा कि उनका हमेशा यही प्रयास रहा है कि उनका मत देश के काम आ सके। सही उम्मीदवार ही देश के काम आ सकता है और सही उम्मीदवार चुनने के लिए सबका वोट डालना जरूरी है।