किश्तवाड़ में ससुर ने बहू को मारी गोली
दावत में खुद को नहीं बुलाने और बहू के वहां से खाने लाने पर खोया आपा
अमर उजाला ब्यूरो
किश्तवाड़। जिले के पूछाल इलाके के गणेश मोहल्ला में बुधवार और वीरवार की मध्य रात एक ससुर ने बहू को गोली मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। वारदात से पहले दोनों में कहासुनी होने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम को सुनीता देवी(34) मायके में किसी रिश्तेदार के यहां दावत में गई थी। वहां से वह ससुर चुनी लाल(74) के लिए खाना लेकर आई थी। बताया जाता है कि उसी दावत को लेकर दोनों में बहस हुई। इसको लेकर देर तक दोनों में झगड़ा भी हुआ। ससुर को इस बात से नाराजगी थी कि उसे वहां नहीं बुलाया गया, जबकि बहू वहां चली गई। बताया जाता है कि बहस के दौरान गुस्से में ससुर ने कहा कि मैं गोली मार दूंगा। इस पर दोनों में विवाद बढ़ता गया। बाद में गोली चलने की आवाज पर आसपास के लोग और परिवार के सदस्य दौड़े, जहां सुनीता देवी लहूलुहान पड़ी थी। इस पर लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हथियार भी बरामद कर ली। वीरवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
एसएपी राजेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि हथियार सहित आरोपी चुनी लाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ जारी है। घर के सदस्यों से पता चला है कि चुनी लाल को बीवी से अनबन चलने के कारण बहू ही उसकी देखभाल करती थी।