जम्मू। एसएमजीएस अस्पताल जम्मू में एक तीन साल के बच्चे समेत प्रदेश में 16 और लोगों ने कोविड संक्रमण से दम तोड़ दिया। इसमें जम्मू संभाग से 8 और कश्मीर से 8 मौतें हुईं। इस बीच प्रदेश में 738 नए संक्रमित मामले मिले। इसमें जम्मू संभाग से 290 और कश्मीर से 448 मामले हैं। इसके साथ प्रदेश में अब तक 80476 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें 13712 मामले सक्रिय हैं। हालांकि, दूसरे दिन भी कुल संक्रमित मामलों से अधिक 1706 मरीज ठीक हुए। इसमें जम्मू संभाग से 1145 और कश्मीर से 561 मरीज शामिल हैं।
एसएमजीएस अस्पताल जम्मू में किश्तवाड़ निवासी कोविड संक्रमित एक तीन साल के बच्चे को उपचार दिया जा रहा था, लेकिन उसकी तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसने मंगलवार को दम तोड़ दिया। इसके अलावा जीएमसी में भद्रवाह निवासी 65 वर्षीय, नगरोटा निवासी 46 वर्षीय और सुंदरबनी निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। जिला जम्मू में संक्रमित मामलों में यकायक गिरावट आई है। पिछले कई हफ्तों बाद मंगलवार को सिर्फ 91 संक्रमित मामले मिले, इसमें 4 ट्रैवलर और बाकी अन्य वर्ग से हैं। जिले में अब तक 207 लोगों की मौत हो चुकी है। राजोरी में 27, उधमपुर में 14, डोडा में 26, कठुआ में 18, पुंछ में 12, सांबा में 29, रामबन में 14, किश्तवाड़ में 31 और रियासी में 28 मामले मिले। श्रीनगर में सर्वाधिक 183, बड़गाम में 46, बारामुला में 37, पुलवामा में 55, कुपवाड़ा में 42, अनंतनाग में 22, बांदीपोरा में 30, गांदरबल में 20, कुलगाम में 4 और शोपियां में 9 मामले हैं। कुल 738 संक्रमित मामलों में 44 ट्रैवलर हैं।
प्रदेश में 3487 लोग निगरानी में लिए
जम्मू। जम्मू कश्मीर में मंगलवार को कोरोना के 3487 संदिग्ध लोग निगरानी में लिए गए। अब तक कोरोना संक्रमित, उनके संपर्क और विभिन्न यात्राओं से जुड़े मामलों में 598659 लोगों को निगरानी में लिया जा चुका है। कुल 13712 सक्रिय मामलों में जम्मू संभाग से 7352 और कश्मीर से 6360 मामले हैं। अब तक जम्मू संभा से 396 और कश्मीर से 873 मौतें हुई हैं।