श्रीनगर। पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने शुक्रवार को बालटाल, पंजतरणी और शेषनाग का दौरा किया और यहां श्री अमरनाथ यात्रा के लिए लगाए गए शिविरों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बालटाल और पहलगाम मार्ग से यात्रा के सुचारु और शांतिपूर्ण संचालन के लिए इन महत्वपूर्ण आधार शिविरों में लगाए गए सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। उनके साथ आईजी कश्मीर एसपी पाणि और डीआईजी वीके बिरदी भी मौजूद रहे।
दिलबाग सिंह ने बालटाल में यात्रियों के लिए स्थापित अस्पताल का भी दौरा किया और यात्रियों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। वे पुलिस स्टेशन बालटाल भी पहुंचे और पुलिस कर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने हा कि वे यात्रियों के आवागमन के लिए यातायात को सुचारु बनाए रखें। वाहनों की पार्किंग को निर्धारित स्थानों पर सुनिश्चित करें ताकि किसी भी भीड़भाड़ और असुविधा से बचा जा सके।
डीजीपी ने तीन आधार शिविरों में डीजीपी ने अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन और बचाव उपायों पर चर्चा की। उन्होंने पुलिस एमआरटी की भूमिका की सराहना की, जिन्होंने महागुनस टॉप, लहरबल, पोसपात्री आदि से ट्रैक पर विभिन्न कठिन स्थानों पर यात्रियों की सहायता और निकासी की है। उन्होंने सभी उपायों के लिए विभिन्न शिविर कमांडरों, फोर्स कमांडरों, विभिन्न पुलिस और सिविल विंग के अधिकारियों की सराहना की। सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए और किसी भी कार्यक्रम को पूरा करने के लिए व्यवस्था की गई है।