विजयपुर। रामगढ़ थाना क्षेत्र के कमाला में वीरवार को एक मोटरसाइकिल और टिप्पर की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक बाइक पर सवार हो कर तीन युवक कहीं जा रहे थे। कमाला क्षेत्र में विपरीत दिशा से एक टिप्पर आ रहा था। बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया और उसकी टिप्पर से टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार राहुल कुमार पुत्र बाबूराम निवासी विजयपुर, संजू कुमार पुत्र प्रेमचंद निवासी शिव नगर और गोपी राम पुत्र तिलक राज निवासी रामगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तीनों को विजयपुर सरकारी एक्सीडेंट हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर तीनों को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान राहुल की मौत हो गई। जबकि अन्य दोनों का इलाज चल रहा है। रामगढ़ पुलिस ने दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।