ज्यौड़ियां। ज्यौड़ियां म्यूनिसिपल कमेटी के सभी वार्डों में बिजली के तार करीब पांच दशक पुराने और ढीली हैं। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। कई बार लोगों ने विभाग से इन तारों को बदलने की मांग की जा चुकी है, लेकिन विभाग के कानों पर जू नहीं रेंग रही है।
50 साल पुरानी इस बिजली लाइन के तार कहीं न कहीं से टूटते रहते हैं। लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही ज्यौड़ियां के वार्ड नंबर छह में खेतों में तार टूट कर गिर जाने से आग लग गई थी। आग खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के ढीले तारों के टकराने से निकली चिंगारी से लगी थी। उस समय आग से कोई नुकसान तो नहीं हुआ था, लेकिन तारों को अगर ठीक नहीं किया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इस बिषय में छंब ज्यौड़ियां पब्लिक ज्वाइंट एक्शन कमेटी के प्रधान अमृत भूषण बाबा भारतीनंद ने बताया कि बिजली के ढीले तारों की समस्या ज्यौड़ियां के सभी वार्डों में है। वार्ड नंबर छह के पूर्व पार्षद पीडी शर्मा, पवन कुमार, अश्वनी कुमार तथा सुरेश भगत ने बताया कि बिजली के तार के टूटने से ज्यौड़ियां में हादसे हो चुके हैं। बार-बार हम लोग तारों को ठीक करने के लिए कह रहे हैं, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई विभाग की तरफ से नहीं की गई है।