अखनूर। कस्बे के महाजन हाल में अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस पर पुलिस की ओर से एक कार्यक्रम हुआ। इसमें एसडीपीओ अजय शर्मा और म्यूनिसिपल कमेटी के चेयरमैन दीपेश सिंह बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। इस अवसर पर केमिस्टों, यात्री वाहन चालकों सहित छात्रों को नशे के बारे में जागरूक किया और शपथ दिलाई गई। वहीं, अपने आसपास नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने का आह्वान किया। वहीं केमिस्टों को बिना पर्ची के दवाई नहीं देने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा एक लघु नाटक के माध्यम से छात्रों ने नशा नहीं करने का अलख जताया।
एसडीपीओ ने कहा कि युवा पीढ़ी नशा की लत से बर्बाद हो रही है, जिस कारण हर अभिभावक को अपने बच्चों पर नजर रखनी चाहिए। एमसी चेयरमैन ने कहा युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए। इस अवसर पर एमसी के वाइस चेयरमैन रश्मि कुमारी, पार्षद दीपक मनी, पार्षद राकेश मल्होत्रा, बलदेव राज, थाना प्रभारी संजीव गुप्ता, गरोटा थाना प्रभारी राजेश शर्मा, खौड़ थाना प्रभारी पंजाब सिंह, संजीव सिंह आदि मौजूद रहे।