श्रीनगर। उत्तरी कमांड के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह कश्मीर घाटी में समग्र सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा करने दो दिवसीय दौरे पर वीरवार को श्रीनगर पहुंचे।
दक्षिणी कश्मीर में आर्मी गुडविल स्कूल वुजुर को शहीद लांस नायक नजीर अहमद वानी के नाम समर्पित करने के बाद लेफ्टिनेंट जनरल सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा से सटी एलओसी के करीब कई सैन्य प्रतिष्ठानों का दौरा किया। वहां के हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीमा पार से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए किए गए उपायों पर संतोष जताया। बाद में सेना कमांडर ने एक महत्वपूर्ण सुरक्षा समीक्षा बैठक भी की, जिमसें सेना, पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान अमरनाथ यात्रा, आतंकवादियों के खात्मे और ऑपरेशनों के दौरान नागरिकों को पहुंचने वाले नुकसान को कम करने पर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने सभी एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों के माध्यम से तालमेल बनाए रखने की भी सराहना की। साथ ही सफ काउंटर टेररिस्ट ऑपरेशन्स के लिए तालमेल को सबसे महत्वपूर्ण ठहराया।