बसोहली। जम्मू के बीनिया पहलवान ने जीरकपुर के सुनील को हरा कर बड़ी माली सहित महानपुर के वार्षिक दंगल पर कब्जा जमाया। इसके लिए उन्हें एक लाख रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार को महानपुर पंचायत में वार्षिक दंगल का आयोजन किया गया। इसमें एसडीपीओ बसोहली पारूल भारद्वाज बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। दंगल में रियासत सहित पंजाब, हिमाचल, हरियाणा आदि राज्यों से करीब 100 पहलवानों ने हिस्सा लेकर लोगों का मनोरंजन किया। बड़ी माली का मुकाबला जम्मू के बीनिया मीन और जीरकपुर (पंजाब) के सुनील पहलवान के बीच हुआ। कडे़ संघर्ष के बाद बीनिया ने सुनील को पटकनी देकर दंगल पर कब्जा जमाया। मुख्य अतिथि और कमेटी के सदस्यों ने विजेता और उपविजेता को नकद राशि देकर सम्मानित किया।