जम्मू। अमरनाथ यात्रा को देखते हुए रेलवे स्टेशन की सुरक्षा में तैनात जीआरपी और आरपीएफ ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए आरपीएफ और जीआरपीएफ में अतिरिक्त टुकड़ियां शामिल की जाएंगी। इससे अमरनाथ यात्रा के दौरान स्टेशन पर सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी बढ़ेगी, जिससे यात्रियों और स्टेशन की सुरक्षा चाक चौबंद हो जाएगी।
1 जुलाई से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा के दौरान सबसे अधिक यात्रियों की भीड़ रेलवे स्टेशन पर रहती है। ऐसे में स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को यकीनी बनाना बड़ी चुनौती होती है। स्टेशन की सुरक्षा में तैनात जीआरपी और आरपीएफ अपने-अपने बेड़े में अतिरिक्त जवानों को शामिल करेंगी। इसके लिए जीआरपी ने सरकार से अतिरिक्त जवानों की मांग की। जबकि आरपीएफ ने फिरोजपुर डिवीजन से आरपीएफ के अतिरिक्त जवानों की मांग की है। आरपीएफ जम्मू में तैनात इंस्पेक्टर मुंशी राम ने कहा कि आरपीएफ में एक अतिरिक्त टुकड़ी अमरनाथ यात्रा के दौरान शामिल होगी। इससे स्टेशन पर आरपीएफ की मौजूदगी पहले से अधिक बढ़ेगी। वर्तमान में आरपीएफ के पास 88 के करीब जवान सुरक्षा में तैनात है।
हमने सरकार से अतिरिक्त जवानों की मांग की है। वर्तमान में जीआरपी के पास एक सौ के करीब जवान हैं। अमरनाथ यात्रा के दौरान एक सौ अतिरिक्त जवानों की मांग की है। बहुत जल्द जवान जीआरपी में शामिल होेंगे।
- अनीता पवार, एसडीपीओ, जीआरपी