आरएस पुरा। भारत-पाकिस्तान क्रिकेट टीमों के मध्य रविवार को विश्व कप के मैच के चलते आरएस पुरा व मीरां साहिब में रौनक नहीं दिखी। अकसर रविवार को लगने वाले संडे मार्केेट के दौरान दिन भर बाजारों में कपडे़, बूट आदि के काफी स्टाल लगे होने पर काफी रौनक देखी जा सकती है लेकिन रविवार को लोग दोपहर को क्रिकेट मैच आरंभ होने पर घरों में टीवी पर मैच देखने में व्यस्त होने पर बाजारों में पहले की तरह रौनक नहीं लगी।
युवा रमण संधू ने कहा कि विश्व कप क्रिकेट मैच और भारतीय टीम बल्लेबाजी कर रही हो तो हर कोई इस तरह का मैच देखना ही बेहतर समझता है। जिस प्रकार भारतीय टीम के आरंभिक बल्लेबाजों ने बल्लेबाजी की उसे टीवी पर देखने पर बाजार में काफी कम लोग दिखे। हरजीत सिंह, पंकज शर्मा, साजन डोगरा ने कहा कि चार वर्ष बाद विश्व कप क्रिकेट मैच आता है, अगर मैच भारत और पाकिस्तान के मध्य हो तो रोमांच और बढ़ जाता है और हर कोई इसे देखना चाहता है। रविवार को अधिकतर लोग इस मैच को देखते रहे और बाजार भी सुनसान रहे।
पवन कुमार व गुरमीत ने कहा कि जिस प्रकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने टास कर भारतीय टीम को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रण दिया तो हर भारतीय क्रिकेट प्रेमी पाक गेंदबाजों व भारतीय बल्लेबाजों के मध्य चली जंग देखना चाहता था, जिसमें भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने बेहतर बल्लेबाजी की, जिसका क्रिकेट प्रेमियों ने आनंद लिया।