सांबा। घगवाल के अंतर्गत आने वाले निचला गांव में फायरिंग रेंज के शुरू होने का विरोध होना आरंभ हो गया है। ग्रामीणों ने शनिवार को जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रेंज को बंद करने की मांग उठाई है।
नौनाथ के सरपंच विजय टंगोत्रा ने बताया की गत कई साल पहले क्षेत्र में सेना की फायरिंग रेंज थी, जहां अभ्यास के दौरान गोलाबारी की चपेट में आने से काफी नुकसान हुआ था। आज भी लोगों के क्षतिग्रस्त घर साफ देखे जा सकते हैं। लोगों ने सरकार से भी मांग उठाई थी व धरना-प्रदर्शन कर फायरिंग रेंज को बंद करवाया था। मगर एक बार फिर से सेना की और से फायरिंग रेंज को शुरू किए जाने का विरोध किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि फायरिंग रेंज को बंद नहीं किया गया तो स्थानीय लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। बाद में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर लोगों को आश्वासन देकर शांत करवाया।