रियासी। जिला अंतर्गत पड़ने वाले सियाड दबडी क्षेत्र में बुधवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई और दूसरे युवक की हालात गंभीर बताई जाती है।
बताया जाता है कि युवक राहुल पुत्र गुरदयाल तथा यशपाल पुत्र बलविंदर सिंह दोनों निवासी खानपुर पंजाब यहां मजदूरी करते थे। बुधवार को दोनों युवक सियाड़ दबडी क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थिति में अचेत अवस्था में पड़े पाए गए। उनको किसी ने देखा तो इसके बारे में अन्य लोगों को बताया। लोगों ने दोनों को उठाकर सीएचसी कटड़ा पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि यशपाल की हालात गंभीर देखते हुए, उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद जम्मू रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम देते हुए जांच शुरू कर दी। अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों युवकों ने किसी प्रकार का नशा किया होगा। ओवर डोज हो जाने के कारण उनकी हालात बिगड़ गई। वह सियाड दबडी में गिर पडे़ होंगे। रियासी थाने में इस संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है।