ज्यौड़ियां। पानी की किल्लत से परेशान पंचायत बरडोह की महिलाओं ने शनिवार को ट्यूबवेल पर ताला जड़ दिया और पीएचई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
बरडोह में बनाए गए नए ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई नहीं दिए जाने से शनिवार की शाम को गांव की महिलाओं का गुस्सा भड़क गया। सभी ने ट्यूबवेल में ताड़ जड़ दिया। स्थानीय सरपंच मगों देवी ने बताया कि जब इस ट्यूबवेल का निर्माण किया गया था तो पंचायत के लोगों में एक आस जगी थी कि अब पीने के पानी की किल्लत से छुटकारा मिल जाएगा, लेकिन जब से यह ट्यूबवेल चालू किया है, तबसे आज तक पंचायत के लोगों को एक साल में 10 बार भी पानी नहीं मिला है। हमेशा पंप खराब होने की बात बताई जाती है। गर्मी के दिनों में लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। दो किलोमीटर पैदल सफर कर पीने के लिए पानी लाना पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश शर्मा ने बताया कि विभाग के एक्सईएन अखनूर और एईई से कई बार मिल चुके हैं, बावजूद इसके कोई हल नहीं हुआ। पंचायत के अन्य कई लोगों ने बताया कि जब तक नया पंप नहीं आता, तब तक यह ट्यूबवेल बंद ही रखेंगे। विभाग पुराने पंप को रिपेयर करने में लाखों खर्च कर दिए हैं, लेकिन हमें पानी नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर कुछ दिनों में नया पंप नहीं मिला और पानी की समस्या का हल नहीं हुआ तो बरडोह के लोगों को मजबूर होकर सड़कों पर उतरना पड़ेगा। इसकी पूरी जिमेदारी पीएचई विभाग की होगी। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश शर्मा, पंच रवि कुमार, पंच संजीव कुमार, रजनी देवी, आशु देवी, ज्योति देवी, पूरण चंद, जयपाल और अन्य लोग शामिल रहे।