पुंछ। रविवार देर शाम जिला प्रशासन और पुलिस ने सोमवार से मुगलरोड को वाहनों की आवाजाही के लिए अगले आदेश तक बंद करने के निर्देश जारी कर दिए। एसएसपी पुंछ राजीव पांडे की तरफ से जारी आदेश में आम लोगों और वाहन चालकों को इस आदेश का पालन करने एवं पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया गया है।
बताया गया है कि अगले दो-तीन दिन तक मौसम विभाग ने बारिश और बर्फबारी होने की भविष्यवाणी की है। इसे को देखते हुए इस बात का निर्णय लिया गया है। पिछली बार मौसम के अचानक खराब हो जाने एवं भारी बर्फबारी हो जाने के कारण मुगलरोड पर सौ से ज्यादा लोग व ट्रक मुगलरोड पर फंस गए थे। उन्हें निकालने के लिए पुलिस एवं सेना के जवानों को तीन दिन तक जान की बाजी लगानी पड़ी थी। इस बार ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न न हो इसलिए मौसम खराब होने के पूर्व ही मुगलरोड को यातायात की आवाजाही के लिए बंद करने का फैसला लिया गया है।