मोबाइल की रोशनी में पंचायत प्रत्याशियों के जमा हो रहे आवेदन
पुंछ जिले के ज्यादातर आरओ कार्यालयों में प्रकाश की व्यवस्था नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
पुंछ। एक तरफ केंद्र सरकार, राज्यपाल और राज्य चुनाव अधिकारी आम लोगों को पंचायत चुनाव में बढ़ चढ़ कर भाग लेने का आह्वान कर रहे हैं, लेकिन पुंछ जिले के ज्यादातर रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ) कार्यालयों में प्रकाश की व्यवस्था तक नहीं की गई है। शुक्रवार को जिले के मंडी तहसील मुख्यालय स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में रिटर्निंग अधिकारी मोबाइल की रोशनी में पंचायत प्रत्याशियों के आवेदन भरते नजर आए।
हायर सेकेंडरी स्कूल में तीन पंचायतों बायला, राजपुरा और मंडी के लिए रिटर्निंग अधिकारी का कार्यालय खोला गया है। यहां पंच एवं सरपंच के प्रत्याशी शुक्रवार को नामांकन भरने पहुंचे थे, लेकिन रोशनी नहीं होने से अधिकारी मोबाइल फोन की टार्च लाइट में आवेदन पत्रों की जांच करते नजर आए। स्कूल के जिस कमरे में आरओ कार्यालय बनाया गया है, वहां पर प्रकाश की व्यवस्था नहीं है। इस बारे में अधिकारी का कहना है कि मौसम खराब है, बारिश हो रही है, इसलिए कुछ ज्यादा अंधेरा है। इसलिए मोबाइल की रोशनी में काम करना पड़ रहा है। वैसे यहां मौसम साफ रहने पर भी अंधेरा ही रहता है। इतना ही नहीं, जिले में जितने भी स्कूलों में आरओ कार्यालय बनाए गए हैं, उनमें से ज्यादातर में प्रकाश की व्यवस्था नहीं की गई है।