पुंछ जिले में शुक्रवार को भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर तैनात रोमियो फोर्स छह सेक्टर के अधीनस्थ 39 आरआर द्वारा गांव जलास में एक समारोह का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में आरआर के अधिकारियों और पुंछ के खिलाड़ियों ने भाग लिया। समारोह की अध्यक्षता करते हुए आरआर के उपकमांडिंग अधिकारी ने कहा कि खेल को बढ़ावा देने के मकसद से पुंछ के खिलाड़ियों को दो क्रिकेट किट प्रदान की गई है।
रोमियो फोर्स के इस कार्य की सराहना करते हुए क्रिकेट खिलाड़ी विजय कुमार का कहना था कि सेना की तरफ से अकसर खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहता है। पिछले वर्ष हमारी टीम ने रोमियो फोर्स की तरफ से राजोरी में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग लिया था और टूर्नामेंट में विजय प्राप्त की थी। तब 39 आरआर की तरफ से खिलाड़ियों से इस बात का वादा किया गया था कि वह हमें बढ़िया क्रिकेट किट प्रदान करेंगे। उस वादे को पूरा करते हुए खिलाड़ियों को उच्च क्वालिटी की क्रिकेट किट प्रदान की गई है, जिसके लिए हम रोमियो फोर्स के आभारी हैं। ब्यूरो