पुंछ। मंगलवार को जिला विकास आयुक्त मोहम्मद एजाज असद के निर्देश पर तहसील सप्लाई आफिसर (टीएसओ/) मंडी मनमोहन सूरी की अगुवाई में बाजारों में औचक जांच की गई। इस दौरान दुकानों पर रखे सामान की गुणवत्ता, साफ सफाई और मूल्य सूचियों की पड़ताल की गई। इस दौरान गले सड़े फल एवं सब्जियों को नष्ट करने के साथ ही नियमों से खिलवाड़ करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके चालान काटे गए साथ ही दुकानदारों को नियमों का सख्ती से पालन करने का पाठ भी पढ़ाया गया।
टीएसओ मनमोहन सूरी का कहना था कि लोगों को रमजान माह में उचित मूल्यों, सही गुणवत्ता एवं ताजा सामान की सप्लाई सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। डीसी के निर्देश पर खाद्य वितरण विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग एवं पुलिस मंडी तहसील मुख्यालय के बाजारों में साझा अभियान चलाया गया। इस दौरान बाजारों में स्थित दुकानों पर ओचक छापेमारी करते हुए दुकानों में रखी खाद्य सामग्री की जांच की गई कि वह खाने लायक है या नहीं। फल सब्जी, मिठाई, कन्फेक्शनरी की दुकानों पर भी सामग्री की जांच की गई।
दुकानदारों को सभी वस्तुओं के साथ उनकी मूल्य पर्चियां प्रदर्शित करने, खाने पीने का सामान ढक कर रखने, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर का होटलों एवं चाय की दुकानों पर प्रयोग न करने के निर्देश देने के साथ ही नियमों से खिलवाड़ करने वाले कई दुकानदारों के चालान भी काटे गए। बाजारों में अतिक्रमण करने वालों का सामान भी उठाया गया।