रियासी। सब डिवीजन दरमाड़ी अंतर्गत कैंठी बी पंचायत में रविवार दोपहर को गांव में लगे 64 केवीए ट्रांसफार्मर धमाका हो गया। इस कारण लोगों के घरों बिजली के उपकरण जल गए। इस घटना में एक महिला भी झुलस गई।
बताया जाता है कि रविवार दोपहर को कैंठी बी पंचायत लगाया गया 64 केवीए के ट्रांसफार्मर में अचानक एक जोरदार धमाका हुआ। इसके साथ ही पंचायत के लगभग 40 के करीब घरों की बिजली भी गुल हो गई। दूसरी तरफ घरों में बिजली की लाइन भी खराब हो गई। इसके साथ ही घरों में लगे बिजली के उपकरण जिसमें पंखे, कूलर, फ्रिज, टीवी इत्यादि को भी नुकसान पहुंचा। इसके अलावा अपने घर में काम कर रही महिला मोबीना बानो भी करंट की चपेट में आकर झुलस गई। उसके हाथ व पैर झुलसे। कैंठी बी पंचायत के पूर्व सरपंच बलवंत सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर में कुछ दिन पहले भी खराबी आई थी, जिसके बारे में बिजली विभाग के अधिकारियों को बताया गया था, लेकिन विभाग ने उसको ठीक करने अथवा चेक करने की तरफ ध्यान नहीं दिया। रविवार को ट्रांसफार्मर धमाके के साथ जल गया, जिससे पंचायत के कई ग्रामीणों के घरों में काफी नुकसान हुआ जिसकी भरपाई बिजली से कराई जाएगी। ट्रांसफार्मर के खराब हो जाने के बाद बिजली भी ठप हो गई है।