मुख्य सचिव मोहम्मद इकबाल खांडे की अध्यक्षता में शुक्रवार के आरकेवीवाई के तहत राज्य स्तरीय मंजूरी कमेटी ने साल 2015 के लिए 152.29 करोड़ की वित्तीय योजना को मंजूरी प्रदान कर दी। इनमें सामान्य अवयव के तहत 62.29 करोड़ और केसर राष्ट्रीय मिशन के तहत 90 करोड़ की राशि शामिल है।
श्रीनगर में हुई बैठक में मुख्य सचिव ने आरकेवीवाई की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजना को लागू करने में ओर बेहतरी लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि, बागवानी, फ्लोरीकल्चर, सेरीकल्चर, पशु और भेड़ पालन, मछली पालन आदि हर क्षेत्र में सुधार की जरूरत है। मुख्य सचिव ने बागवानी क्षेत्र में जम्मू संभाग में क्षेत्र का विस्तार करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने आरकेवीवाई के तहत जिला स्तर पर प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि वह यह सुनिश्चित करें कि क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार किसानों को पूरी मदद मिले। उन्होंने सड़क एवं भवन निर्माण विभाग के आयुक्त सचिव से कहा कि वह चिनाब दरिया के करीब गांव कबन पाडर में रोप वे प्रोजेक्ट पर काम शुरू करवाये ताकि किसानों को इससे लाभ मिल सकें।
इससे पूर्व कृषि विभाग के आयुक्त सचिव एम ए बुखारी ने पिछले सालों में विभिन्न क्षेत्रों पर रही उपलब्धियों को दर्शाया। उन्होंने कहा कि आरकेवीवाई के तहत चावल, मिक्की, दालों, गेहूं के उत्पादन में बढ़ोतरी करने में मदद मिलने के साथ सब्जियों, शहद, मशरूम, फूलों और कोकून की पैदावार भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।