प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बीच वार्ता का रियासत के राजनीतिक दलों ने दिल खोलकर स्वागत किया है। रूस में मोदी और शरीफ की बातचीत से सियासी दलों ने दोनों मुल्कों में रिश्ते बेहतर होने की उम्मीद जताई है। साथ ही जम्मू कश्मीर में शांति और खुशहाली की भी उम्मीद की है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद जुगल किशोर शर्मा का कहना है कि मोदी दूरदर्शी नेता हैं और देश को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं।
वह विश्वस्तरीय नेता के रूप में भी तेजी से उभर रहे हैं। वह पड़ोसी मुल्कों के साथ बेहतर रिश्तों की दिशा में कदम बढ़ाते रहे हैं। शरीफ और मोदी की बातचीत से दोनों देशों के संबंध बेहतर हों और आतंकवाद मुक्त वातावरण बने, इसकी हर कोई कामना करता है।
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गुलाम अहमद मीर ने बातचीत को सही दिशा में उठाया गया कदम बताया है। उनका कहना है कि कांग्रेस ऐसे किसी भी कदम का स्वागत करती है, जिसमें भारत और पाकिस्तान के संबंध बेहतर होते हों और सीमाओं पर शांति का माहौल बने। उनका कहना है कि कांग्रेस पड़ोसी देशों के साथ राष्ट्र की एकता और अखंडता से कोई भी समझौता किए बिना बेहतर माहौल बने, इसकी हिमायती है।
मोदी और शरीफ की वार्ता का बेहतर परिणाम निकले और दोनों मुल्कों के हित साबित हों इसकी वह कामना करते हैं। पीडीपी के मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व सांसद डा. महबूब बेग का कहना है कि मोदी और शरीफ की वार्ता स्वागती कदम है। इससे पीडीपी का स्टैंड भी पुष्ट हुआ है कि केवल बातचीत से ही मसलों का हल हो सकता है और जम्मू कश्मीर समेत दोनों देशों के हित में है।
उनका कहना है कि भारत पाकिस्तान के संबंधों में कड़वाहट की वजह जम्मू कश्मीर के लोगों ने काफी कुछ सहा है। अब समय आ गया है कि वाजपेयी के चार सूत्रीय फार्मूले के तहत दोनों देशों के संबंध मजबूत बनें और शांति और खुशहाली का माहौल बने।