रामबन जिले की खड़ी तेहसिल के अंतर्गत खड़ी महू संपर्क मार्ग पर आरीमर्ग इलाके में हुए भूस्खलन की चपेट में तीन लोग आ गए। इनमें से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य ने घाटी के अस्पताल में दम तोड़ दिया और एक घायल का उप जिला अस्पताल बनिहाल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह महू इलाके के कुछ लोग तहसील मुख्यालय खड़ी की तरफ आ रहे थे। अरीमर्ग इलाके में भूस्खलन की चपेट में आने से मोहम्मद कासिम (55) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अब्दुल्ला (38) को प्राथमिक उपचार के बाद बोन एंड ज्वाइंट अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया, जहां उसने दम तोड़ दिया। वहीं, तीसरे व्यक्ति शब्बीर अहमद का उप जिला अस्पताल बनिहाल में उपचार जारी है।
बनिहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सनद रहे कि खड़ी महू लिंक मार्ग बर्फ और बारिश के कारण बंद है। इस कारण लोग पैदल सफर करने को मजबूर हैं।